
नई दिल्ली : उत्तरी जिला : स्वास्थ्य जागरूकता और कैंसर से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली पुलिस (उत्तर जिला) और ‘प्रज्ञा फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान में सेंट जेवियर स्कूल, सिविल लाइंस में एक विशेष एचपीवी #HPV वैक्सीन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य नेतृत्व एनआईआईएमएस (NIIMS) ग्रेटर नोएडा की एमबीबीएस छात्रा और प्रज्ञा फाउंडेशन की से जुड़ी याहवी ऋषि ने किया।

स्वास्थ्य और कैंसर से बचाव पर विशेष सत्र
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV), इससे होने वाले कैंसर के जोखिमों और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करना था। सत्र के दौरान 14 से 16 वर्ष की आयु वर्ग की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन, इसके कार्य और यह किस प्रकार जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रश्नोत्तरी सत्र (Q&A Session)
जागरूकता सत्र के बाद एक विशेष प्रश्नोत्तरी (Q&A) सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने कैंसर, इसके लक्षण, वैक्सीन की प्रभावशीलता और रोकथाम से जुड़े अपने संशय और सवाल पूछे। याहवी ऋषि ने वैज्ञानिक और सरल भाषा में छात्राओं की सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर दिल्ली पुलिस की एसीपी (सदर बाजार) विदुषी कौशिक और प्रज्ञा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री आर.के. सिन्हा विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस तरह के अभियानों को समाज के लिए बेहद जरूरी बताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहीं एमबीबीएस छात्रा याहवी ऋषि ने कहा, “आज की जागरूकता ही कल के जीवन की सुरक्षा है। हमारा प्रयास है कि युवा पीढ़ी को स्वास्थ्य से जुड़ी सटीक और सही जानकारी मिले ताकि वे एक स्वस्थ भविष्य का निर्माण कर सकें।”

स्कूल प्रशासन का आभार
दिल्ली पुलिस और प्रज्ञा फाउंडेशन ने इस सफल आयोजन के लिए सेंट जेवियर स्कूल, सिविल लाइंस के प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य फादर सोबिन के. थॉमस, उप-प्रधानाचार्य श्रीमती शोभा मिरांडा और उनकी पूरी टीम के सहयोग की सराहना की गई।
यह पहल समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा और जिम्मेदार स्वास्थ्य सेवा संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति एक प्रेरणादायक संदेश देती है।

