in ,

26 SEP : दिल्ली में बॉक्स से निकला मुस्कुराता कंकाल ने पुलिस के छुड़ा दिए पसीने !

SHARE With Your Friends

राजधानी के डीडीयू मार्ग पर एमसीडी (MCD) के सफ़ाई कर्मचारियों को झाड़ू लगाते लगाते कुछ ऐसा मिला कि एक पल के लिए पुलिस से लेकर फॉरेंसिक टीम तक के होश उड़ गए ।

काली माता मंदिर के पास एमसीडी के सफ़ाई अभियान के दौरान झाड़ू एक लकड़ी के पुराने बक्से से टकराई। उत्सुकता में जब बक्सा खोला गया, तो अंदर से एक पूरा का पूरा इंसानी ढांचा मुस्कुराता हुआ बाहर निकला। फिर क्या था, इलाके में अफ़रा तफ़री मच गई। आनन फ़ानन में पुलिस बुलाई गई, लाल नीली बत्तियां जलने लगीं और क्राइम फॉरेंसिक टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया। हर कोई दबी ज़ुबान में कत्ल और साजिश की पुरानी कहानियों का अनुमान लगाने लगा।

न खून के छींटे, न कोई सबूत फिर क्या था माजरा ?
पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने जब बक्से और हड्डियों का बारीकी से मुआयना किया, तो उन्हें न कोई खून का धब्बा मिला और न ही कोई संदिग्ध सामान। असली ट्विस्ट तब आया जब फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने हड्डियों पर उंगली मारी और अंदर से टक टक की प्लास्टिक जैसी आवाज़ आई ।

जांच में खुलासा हुआ कि यह किसी इंसानी त्रासदी का शिकार हुआ कंकाल नहीं, बल्कि साइंस लैब में बच्चों को बायोलॉजी पढ़ाने वाला ‘नकली पॉलिमर कंकाल था।

स्कूल के कबाड़ से सड़क के सफ़र की दास्तान :
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि यह कंकाल माता सुंदरी रोड स्थित सरकारी बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल का  था।

स्कूल के प्रिंसिपल साहब ने बड़े ही इत्मीनान से बताया कि उनका स्कूल 2023 में नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गया था। इसके बाद जुलाई 2026 में चलाए गए सफ़ाई अभियान के तहत पुराने भवन के टूटे फूट सामान और कबाड़ को नीलाम कर दिया गया था। किसी कबाड़ी ने बाकी लोहा लंगड़ तो संभाल लिया, लेकिन इस बेचारे रिटायर्ड कंकाल को लकड़ी के बक्से में बंद करके डीडीयू मार्ग पर ही लावारिस छोड़ दिया।

कंकाल का मामला रफ़ा दफ़ा हुआ :
फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य का कोई सबूत नहीं मिला है।

सालों तक लैब में बच्चों को हड्डियों के नाम रटाने वाला यह प्लास्टिक का कंकाल, रिटायरमेंट के बाद कुछ देर के लिए सही, लेकिन पूरी दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम को अपनी ड्यूटी पर लगाने में कामयाब रहा ।

SHARE With Your Friends

25 SEP : कश्मीरी गेट में ई‑रिक्शा पर डाका: प्रभात की चाकू मारकर हत्या, 15 लाख नकद लूटे !