
नई दिल्ली, 24 जून 2025 : दिल्ली के प्रसाद नगर इलाके से लापता हुए एक 13 वर्षीय बालक को दिल्ली पुलिस ने महज कुछ घंटों में खोज निकाला और उसके माता-पिता से मिलवा दिया। यह सफलता पुलिस टीम को सोशल मीडिया पर तकनीकी निगरानी और तुरंत कार्रवाई के चलते मिली।
सेंट्रल दिल्ली के प्रसाद नगर थाने में एक नाबालिग के लापता होने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका बेटा शाम 5 बजे से घर नहीं लौटा है, जिससे परिजनों को अपहरण या बहलाने-फुसलाने की आशंका हुई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों को तैयार किया। टीमों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया, खाली इमारतों और संभावित स्थानों की जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्चे की गतिविधियों की निगरानी शुरू की।
सोशल मीडिया निगरानी के दौरान पुलिस को बालक के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी मिली, जिसमें उसने आनंद विहार स्थित आरसीबी बैंक्वेट हॉल में हो रहे एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इवेंट में अपनी मौजूदगी बताई थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सैकड़ों इन्फ्लुएंसर्स के बीच से बच्चे को सुरक्षित ढूंढ़ निकाला।
पुलिस ने बालक को उसके माता-पिता से मिलवा दिया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता की हर तरफ सराहना हो रही है।


