
दुर्घटना स्थल की तस्वीरें
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की पीसीआर ने वक्त रहते दुर्घटना ग्रस्त कार में फंसे हुए एक व्यक्ति को निकाल कर उसकी जान बचा ली। आधी रात के बाद तकरीबन 1:30 बजे सेंट्रल दिल्ली के सलीमगढ़ बाईपास पर तेजी से आ रही बीएमडब्ल्यू सड़क पर लगे साइन बोर्ड के खंबे से जा टकराई और इसके बाद सड़क पर कई कलाबाजी खाकर पलट गई.
पीसीआर दल ने गाड़ी से निकाला
दिल्ली पुलिस की पीसीआर ऑस्कर 10 को इस हादसे की सूचना मिली, पीसीआर बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंच गई. पीसीआर में तैनात सब इंस्पेक्टर कन्हैयालाल और ड्राइवर हवलदार महेंद्र मौके पर पहुंचे तो चालक गाड़ी में फंसा हुआ था. दोनों पुलिस कर्मियों ने गाड़ी में फंसे चालक को फुर्ती से सुरक्षित निकाल लिया. उसी वक्त मौके पर पीसीआर टाइगर 57 के सब इंस्पेक्टर राम प्रताप और सिपाही ड्राइवर मनीष भी पहुंच गए.

टायर फटने से दुर्घटना घटी
बताया जा रहा है आशुतोष गोयल जो दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में रहते हैं अपने दोस्त को टैगोर गार्डन छोड़ कर अपने घर वापिस जा रहे थे तभी उनकी बीएमडब्ल्यू कार का टायर फटा और कार दुर्घटना का शिकार हो गई. संतोषजनक बात यह रही कि सूचना मिलते ही टाइम पर पीसीआर ऑस्कर -10 के दल ने पलटी हुई गाड़ी में फंसे चालक को सुरक्षित निकाल लिया वरना कार में आग भी लग सकती थी !



