
नई दिल्ली : 16 सितम्बर 2023 : दिल्ली में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं की अब फ़ोर्स और पुलिस का उन्हें खौफ नहीं रहा. 13 सितम्बर की रात को सेन्ट्रल डिस्ट्रिक्ट के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर सरकारी इमारत की सुरक्षा में तैनात नागालैंड सिक्योरिटी फ़ोर्स के सिपाही की इंसास रायफल चुरा ली गई. उस रात यह सुरक्षाकर्मी संतरी पोस्ट में तैनात था. रात को ड्यूटी के दौरान इसकी आँख लग गई और वह सो गया. जब उसकी आँख खुली तो उसका मोबाइल और रायफल गायब मिली.

इसकी घटना की शिकायत कमला मार्किट थाने में दर्ज करवाई गई. यह रायफल की चोरी का बहुत गंभीर मामला था जिसका संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारीयों ने स्पेशल स्टाफ को जाँच का काम सौंपा. पुलिस ने सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली. डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ और कमला मार्किट थाने की पुलिस की दोनों टीमों ने 48 घंटों के भीतर काबिर नाम के आरोपी को तकिया काले खां LNJP अस्पताल के पीछे कालोनी से गिरफ्तार कर लिया. उसकी घर की छत से रायफल भी बरामद हो गई. दूसरा आरोपी विकास जो नेपाल का रहने वाला है उसे भी LNJP अस्पताल के पास कालोनी से गिरफ्तार कर लिया.
यह दोनों आदतन चोर हैं और रात के वक्त चोरी के लिए रिक्शा लेकर निकलते हैं. उस वारदात वाली रात चोरी करने के मकसद से घूम रहे थे. इन्होने सुरक्षा पोस्ट पर नागालैंड के जवान को सोते हुए देखा तो उसके मोबाइल के साथ साथ उसकी इंसास रायफल भी चुरा कर ले गए.


