

नई दिल्ली : आज संपन्न हुए दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त-सचिव पदों पर प्रचंड मतों से जीत दर्ज की है. अभाविप पैनल से अध्यक्ष पद प्रत्याशी तुषार डेढ़ा ने 3115 वोटों से, सचिव पद प्रत्याशी अपराजिता ने 12937 वोटों से तथा संयुक्त-सचिव पद प्रत्याशी सचिन बैसला ने 9995 वोटों के बड़े अंतर से डूसू चुनाव में जीत दर्ज की है.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जीत के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया है और कहा है कि जिन मुद्दों को हमने घोषणापत्र में उठाए हैं उन्हें जल्द पूरा करने का काम करेंगे.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पैनल से अध्यक्ष पद पर जीते प्रत्याशी तुषार डेढा ने कहा कि,” एबीवीपी द्वारा डीयू में किए गए पिछले कामों एवं परिसर में निरंतर सक्रियता के कारण हमारे पैनल ने यह जीत दर्ज की है. 4 वर्षों बाद छात्रसंघ चुनावों का होना और एबीवीपी का इतने बड़े अंतर से जीत दर्ज करना यह दर्शाता है कि एबीवीपी हमेशा सभी छात्रों की समस्याओं के निदान हेतु सदैव तत्पर रही है.”

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पैनल से संयुक्त-सचिव पद पर जीते प्रत्याशी सचिन बैसला ने कहा कि,” संयुक्त-सचिव के पद पर मुझे भारी अंतर से जीत प्राप्त हुई है, हमनें कोरोना के दौरान जब दिल्ली में लॉक डाउन लगा था उस दौरान भारी तायदाद में छात्र हॉस्टलों में फंसे थे, उस दौरान हमने लगातर उनके लिए काम किया। उसकी हर संभव मदद की, तीन साल दिल्ली विश्वविद्यालय चुनावों से दूर रहा किन्तु ABVP की सक्रियता बनी रही. मनोवैज्ञानिक समस्याओं के निदान हेतु माइंडफुलनेस सेंटर की स्थापना, नए हॉस्टलों का निर्माण तथा अन्य मुद्दों पर जल्द काम करेंगे। एबीवीपी की जीत आम छात्रों की जीत है, इस जीत से उनके लिए कार्य करने को हमेशा समर्पित रहूंगा.”

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पैनल से उत्तर प्रदेश के जौनपुर से दिल्ली पढ़ने आई सचिव पद पर जीती प्रत्याशी अपराजिता ने कहा कि,” वूमेन कैंडिडेट के रूप में मुझे सबसे ज्यादा अंतर से जीत प्राप्त हुई है और यह दर्शाता है कि एबीवीपी जो महिला संबंधी मुद्दों को मुखरता से उठा रही है और लगातार परिसर में छात्राओं के लिए कार्य कर रही है यह भारी मतों से जीत उसी का नतीज़ा है। एबीवीपी डीयू की गर्ल्स स्टूडेंट्स के मुद्दों पर प्रमुखता से कार्य करेगी.”

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दिल्ली के प्रदेश मंत्री हर्ष अत्री ने कहा कि,” यह चुनाव एबीवीपी जैसे छात्र संगठन तथा कांग्रेस जैसी राजनैतिक पार्टी से हो रहा था। पूरी कांग्रेस स्टूडेंट्स यूनियन के चुनाव में लग गई थी. फिर भी जीत नहीं हासिल हुई. चुनावों में राष्ट्रवादी विचारों की जीत है.
DUSU उपाध्यक्ष पद पर NSUI की जीत
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनावों में कड़ा मुकाबला उपाध्यक्ष के प्रत्याशियों के बीच रहा. ABVP के सुशांत धनकड़ और NSUI के अभि दहिया में शुरूआती राऊंड में अखिल विद्यार्थी परिषद् के सुशांत आगे चल रहे थे. 16 वें राउंड में अभि दहिया 13006 मत प्राप्त हुए और सुशांत 13056 मतों से आगे चल रहे थे. 24 वें राउंड तक आते आते अभि दहिया ने सुशांत को पीछे छोड़ दिया। अभि दहिया को अंत में 22331 और सुशांत धनखड़ को 20502 मत प्राप्त हुए. अभि दहिया ने 1829 मतों से ABVP के सुशांत धनखड़ को हरा दिया.

- DUSU के इन चुनावों में ABVP से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार तुषार डेढ़ा को कुल 23460 मत और NSUI से हितेष गुलिया को 20345 मत प्राप्त हुए.
- उपाध्यक्ष पद के लिए NSUI से अभि दहिया को 22331 और ABVP से सुशांत धनखड़ को 20502 मत प्राप्त हुए.
- सचिव पद की दोनों महिला उमीदवार ABVP से अपराजिता को 24534 और NSUI से यकशना शर्मा को 11597 मत प्राप्त हुए.
- संयुक्त सचिव पद से ABVP के सचिन बैसला को 24955 और NSUI के शुभम कुमार को 14960 मत प्राप्त हुए



