
नई दिल्ली, 9 जुलाई 20025 : उत्तर
दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर 22 वर्षीय युवती और 6 महीने की मासूम बच्ची की खून से लथपथ लाशें मिलीं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मजनू का टीला में दोहरी हत्या से कोहराम मच गया ।
प्रेमिका बनी सिरफिरे आशिक की दरिंदगी का शिकार
मृतका की पहचान सोनल (22) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली थी और फिलहाल दिल्ली में एक किराए के मकान में रह रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनल और उसके प्रेमी के बीच किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था। इसके बाद सोनल अपनी सहेली लक्ष्मी के घर मजनू का टीला आ गई थी, जहां वह पिछले कई दिनों से रह रही थी।
मासूम यशिका भी नहीं बख्शी गई – गला रेतकर की गई निर्मम हत्या
घटना के दिन लक्ष्मी अपनी बड़ी बेटी को स्कूल लेने गई थी और उसने अपनी 6 महीने की मासूम बेटी यशिका को सोनल के पास छोड़ दिया था। कुछ देर बाद ही आरोपी युवक, जो सोनल का प्रेमी बताया जा रहा है, वहां पहुंचा और घर में मौजूद सोनल और मासूम यशिका की बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
गली में गूंजा चीख-पुकार, लहूलुहान हालत में पड़े थे शव
आवाजें सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े तो अंदर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। जमीन पर खून से लथपथ सोनल और बच्ची की लाशें पड़ी थीं। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्रवाई – आरोपी की तलाश में खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सोनल और लक्ष्मी की दोस्ती बनी खौफनाक हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि रश्मि, जो कि सोनल की पुरानी दोस्त थी, मजनू का टीला इलाके में अपने पति और बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है। उसके पति की मोबाइल की दुकान है। सोनल के प्रेमी को इस बात पर ऐतराज था कि वह अपने घर छोड़कर लक्ष्मी के यहां क्यों रह रही है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया और अंत में यह खूनी वारदात हो गई।
आरोपी का कोई सुराग नहीं, लेकिन गिरफ्तारी जल्द – पुलिस
फिलहाल आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार है। पुलिस ने बताया कि कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही तकनीकी सर्विलांस के जरिए भी आरोपी की लोकेशन ट्रैक की जा रही है।
मासूम की हत्या से लोग गुस्से में, सोशल मीडिया पर उठी फांसी की मांग
इस दोहरी हत्या, खासकर 6 महीने की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या से इलाके के लोग बेहद आक्रोशित हैं। सोशल मीडिया पर लोग आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने और उसे फांसी देने की मांग कर रहे हैं।
मजनू का टीला की यह दोहरी हत्या दिल दहला देने वाली है। प्यार में पागलपन ने दो जिंदगियां लील लीं – एक युवती और एक मासूम बच्ची। दिल्ली पुलिस के सामने यह चुनौती है कि आरोपी को जल्द पकड़कर कानून के कटघरे में खड़ा करे ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में एक सख्त संदेश जाए।


