नयी दिल्ली : Central Delhi :दिल्ली पुलिस ने स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को सेंट्रल दिल्ली में कार्यक्रम करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका के चलते यह निर्णय लिया. यह प्रोग्राम मध्य दिल्ली के सिविक सेंटर के सी-ब्लॉक स्थित केदारनाथ साहनी ओडिटोटियम में 28 अगस्त रविवार को आयोजित होने वाला था।
इससे पहले विश्व हिन्दू परिषद ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्यक्रम को रद्द करने का अनुरोध किया था। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मध्य जिले की पुलिस ने लाइसेंसिंग इकाई को भेजी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि उक्त कार्यक्रम से क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, मध्य जिले की पुलिस ने शुक्रवार इस कॉमेडी प्रोग्राम की रिपोर्ट लाइसेंसिंग इकाई को भेजी विभाग ने इनकार कर दिया गया। क्योंकि अनुमति फॉर्म में पहले से लिखा होता है कि अमुक कार्यक्रम से क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द खराब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अगर लाइसेंसिंग इकाई को कोई जानकारी मिलती है कि इससे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है तो कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति रद्द कर दी जाती है।
विश्व हिंदू परिषद की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आग्रह किया कि फारूकी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी जाए। गुप्ता ने पुलिस से कहा कि कार्यक्रम रद्द कर दिया जाए अन्यथा विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता इसके विरुद्ध प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के आयोजकों ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।


