
नई दिल्ली, 6 जून 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की युवा शक्ति की वैश्विक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज भारतीय युवा दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं को गति, नवाचार और संकल्प का प्रतीक बताते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में देश की प्रगति का प्रमुख आधार युवाओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि युवा भारतीयों ने स्टार्टअप्स, विज्ञान, खेल, सामाजिक सेवा और संस्कृति जैसे अनेक क्षेत्रों में असाधारण योगदान दिया है। “पिछले 11 वर्षों में हमने ऐसे अनेक उदाहरण देखे हैं, जहां युवाओं ने असंभव को संभव कर दिखाया है,” उन्होंने कहा।
नरेंद्र मोदी ने यह भी बताया कि युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा की गई नीतिगत पहलें क्रांतिकारी रही हैं। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 जैसी योजनाएं युवाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। इन सभी प्रयासों की नींव इस विश्वास पर टिकी है कि अगर कोई राष्ट्र सच में आगे बढ़ना चाहता है तो उसे अपनी युवा शक्ति को सशक्त बनाना होगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि युवाओं के लिए अवसरों को लगातार बढ़ाया जा रहा है, ताकि वे अपने कौशल और रचनात्मकता के माध्यम से न केवल अपना भविष्य गढ़ सकें, बल्कि देश के भविष्य में भी भागीदार बनें। उन्होंने कहा, “नई शिक्षा नीति और स्टार्टअप्स एवं कौशल विकास पर केंद्रित प्रयासों के कारण आज हमारे युवा ‘विकसित भारत’ के संकल्प के महत्वपूर्ण भागीदार बन गए हैं।”
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा —
“भारत के युवाओं ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाई है। हमारी युवा शक्ति नवाचार, संकल्प और ऊर्जावान दृष्टिकोण की प्रतीक है। युवाओं ने भारत की प्रगति को अद्भुत ऊर्जा और विश्वास के साथ आगे बढ़ाया है।
बीते 11 वर्षों में हमने देखा कि हमारे युवाओं ने स्टार्टअप, विज्ञान, खेल, सामाजिक सेवा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में असाधारण कार्य किए हैं।
इन वर्षों में युवा सशक्तिकरण पर केंद्रित नीतियों और कार्यक्रमों में निर्णायक परिवर्तन हुआ है।
मुझे विश्वास है कि हमारी युवा शक्ति ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाती रहेगी।”
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को यह विश्वास दिलाया कि सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के हर संभव अवसर देगी, क्योंकि वही भारत के उज्ज्वल और विकसित भविष्य के निर्माता हैं।



