

नई दिल्ली : आज दिल्ली पुलिस ने अपना 76 वां स्थापना दिवस मनाया. इस मौके पर केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने समारोह में शिरकत की. दिल्ली पुलिस ने अपनी कार्य क्षमता को अपराधों के खिलाफ ताकतवर बनाने के लिए फॉरेंसिक वैन का हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया. फॉरेंसिक जांच में तेजी के लिए पांच फ़ोरेंसिक मोबाइल वैन दिल्ली पुलिस के बेड़े में शामिल की गई हैं.
नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) से खरीदी वैन सजा की दर को बढ़ाने के साथ-साथ मौजूदा फोरेंसिक लैब पर बोझ को कम करेंगी. दिल्ली पुलिस जघन्य अपराधों के मामलों में फॉरेंसिक जांच में तेजी लाने के मकसद से हाई-टेक अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन (एमएफवी) अपने बेड़े में शामिल करेगी.
पुलिस से जुड़े सूत्रों ने कहा कि ऐसी वैन नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), गांधीनगर गुजरात से खरीदी गई हैं. यह सजा की दर को बढ़ाने के साथ-साथ मौजूदा फोरेंसिक लैब पर बोझ को कम करने का काम करेंगी.
सूत्रों के मुताबिक, हाई-टेक एमएफवी वैन आवाज़ के विश्लेषण और उंगलियों के निशान की पहचान के साथ-साथ चोट के पैटर्न, बंदूक की गोली के घाव और पीड़ितों के अन्य घावों का पता लगाने में मददगार होंगी. वैन में तत्काल फॉरेंसिक विश्लेषण करने के लिए किट और ऑन-द-स्पॉट सैंपल इकट्ठा करने वाले उपकरण भी मौजूद हैं.
डिजिटल फॉरेंसिक उपकरण के बिना प्रत्येक वैन की कीमत लगभग 51 लाख रुपये है, जबकि उपकरण के साथ इसकी कीमत लगभग 89 लाख रुपये होगी.
यह परियोजना एनएफएसयू के कुलपति जे.एम. व्यास का आइडिया है.
‘इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन के पीछे का उद्देश्य फॉरेंसिक प्रक्रियाओं को मानकीकृत करना और ऐसे परीक्षणों के लिए एक प्रोटोकॉल बनाना है’
वैन में क्या-क्या शामिल होगा
गृह मंत्रालय के निर्देशों के मुताबिक और लगभग डेढ़ साल के रिसर्च के बाद, एनएफएसयू-एमएफवी मॉडल के साथ आया, जो बलात्कार, हत्या, डकैती, दुर्घटना, विस्फोट, नशीले पदार्थों, आगजनी, जैसे अपराधों में शुरुआती जांच और सबूतों के परीक्षण के लिए मददगार है.
वैन के अंदर कुछ प्रमुख उपकरण एक रेफ्रिजरेटर (बायोडिग्रेडेबल सबूत रखने के लिए), वजन की मशीन, सीसीटीवी कैमरा, एलईडी स्क्रीन (अपराध स्थल पर रियल टाइम गतिविधियों की निगरानी के लिए), स्टीरियो माइक्रोस्कोप (सबूतों की भौतिक जांच के लिए), लैपटॉप, डिजिटल कैमरा और फ्लैशलाइट उपलब्ध होंगे.
इसके अलावा, वैन में क्राइम सीन प्रोटेक्शन, सामान्य जांच, सबूत कलेक्शन और पैकेजिंग, फिंगरप्रिंट-कलेक्शन, गुप्त फिंगरप्रिंट कलेक्शन, फुट और टायर प्रिंट-कास्टिंग, फॉरेंसिक स्रोत, रक्त और वीर्य का पता लगाने, यौन हमले की जांच, विस्फोटक, नशीले पदार्थों का परीक्षण, बारूद का पता लगाना, बुलेटहोल जांच और आगजनी की जांच के लिए किट उपलब्ध होंगे.
वैन विशेषज्ञों को घंटों तक अपना काम जारी रखने के लिए सुविधाओं से भी सुसज्जित होंगी.



