
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने अव्वल दर्जे की पुलिसिंग दिखाते हुए खोए हुए 1.40 लाख की रकम खोज कर उसके मालिक को सौंप दी. 22 मार्च को सुधीर नाम के शख्स ने जो रेलवे में भोजन सप्लाई का काम करता है उसने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 1.40 लाख की पेमेंट ली और ऑटो में बैठकर दक्षिणी दिल्ली श्रीनिवासपुरी पहुंचा. श्रीनिवासपुरी ऑटो से उतर कर अपने घर चला गया. जिस बैग में रकम थी वो ऑटो में भूल गया. जब बैग याद आया तब तक ऑटो वाला वहां से जा चुका था.
सुधीर ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने बने पहाड़ गंज थाने के दिल्ली पुलिस सहायता बूथ में हवलदार निर्देश मान को ऑटो वाली घटना बताई. इस हवलदार ने स्टेशन से लेकर कनाट पैलेस तक की CCTV फुटेज देख डाली. कनाट पैलेस में लगे एक सीसीटीवी फुटेज में ऑटो का नंबर आ गया. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस से सहायता लेकर ऑटो और उसके मालिक की डिटेल लेकर, पूर्वी दिल्ली के गणेश नगर पहुंचा.

ऑटो चालक संतोष कुमार को ढूंढ लिया गया. इसने अपना ऑटो एमसीडी की पार्किंग में खड़ा किया हुआ था. संतोष ने बताया की उसके ऑटो में सवारी बैग भूल गई थी जिसमें इतनी बड़ी रकम रखी थी. ऑटो ड्राइवर संतोष ने 1.40 लाख की रकम से भरा बैग पुलिस को सौंप दिया. हवलदार निर्देश मान की तत्परता से की गई जांच के चलते खोई हुई रकम वक्त रहते बरामद हो गई, अलबत्ता यदि इस मामले में लापरवाही बरती जाती तो रकम का मिलना मुश्किल था. लिहाजा सेंट्रल दिल्ली पुलिस उपायुक्त द्वारा हवलदार निर्देश मान को ( Hero of the week) के तौर पर सम्मानित किया गया.

