

नई दिल्ली : 16 जुलाई 2025 : दक्षिण पश्चिम दिल्ली के द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल (सेक्टर-19, गोला विहार) और वसंत कुंज के वसंत वैली स्कूल को बुधवार सुबह एक बम से संबंधित धमकी भरा मेल मिला, जिससे हड़कंप मच गया।
पुलिस को सुबह 5:22 बजे कंट्रोल रूम में एक कॉल मिली, जिसमें सेंट थॉमस स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया और बताया कि स्कूल को एक ईमेल के ज़रिए बम की धमकी दी गई है। इसी तरह की सूचना वसंत वैली स्कूल से भी प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही थाना छावला और थाना वसंत कुंज साउथ की पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर रवाना किया गया। स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर दोनों स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस मेल की सत्यता की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मेल किसने और कहां से भेजा। मामले में संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है।



