
रोहिणी डिस्ट्रिक्ट के बेगमपुर थाना पुलिस को इनपुट मिली की दो कुख्यात अपराधी नार्थ ईस्ट के खजुरी ख़ास थाने इलाके की एक इमारत में छुपे हुए हैं। बेगमपुर थाने की एक पुलिस टीम इस सूचना के साथ खजुरी खास थाने पहुँच चुकी थी। SHO पवन कुमार ने इस तुरंत डिस्ट्रिक्ट के आला अधिकारीयों को इसकी जानकारी दे दी।

थाना खजुरी ख़ास और बेगमपुर की संयुक्त टीम श्रीराम कालोनी, गली नंबर 9 की इमारत नंबर C -216 पर पहुंची। इस इमारत की दूसरी मंजिल पर दोनों के मौजूद होने का पता चला। पुलिस टीम ने दूसरी मंजिल पर पहुँच कर दरवाजे को खटखटाया। अंदर से बदमाश चिल्लाए, “तुम यहाँ से चले जाओ, हमारे पास काफी मात्रा में हथियार ओर गोला बारूद है, हम खुद को भी ख़त्म कर लेंगे और इस पूरी बिल्डिंग को उड़ा देंगे। खुद को और 15 परिवारों को उड़ा देंगे”
बदमाश बार-बार यही धमकी दे रहे थे, कि “अगर तुम यहां से नहीं गए तो हम खुद को गोली मार लेंगे और साथ ही सबको मार देंगे. पुलिस टीम ने अपने संयम को कायम रखते हुए उन्हें शांत करने का भरसक प्रयास किया। लेकिन वे आक्रामक थे और पुलिस के बार-बार अनुरोध पर कोई ध्यान नहीं दिया. पुलिस टीम ने चुपके से खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो दो व्यक्तियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिन्होंने पिस्टल अपनी कनपटी में तान रखी थी। पुलिस ने उनका फोटो भी लिया. खिड़की के पास पुलिस की मौजूदगी को देखते हुए उन्होंने फायर कर दिया. बगल के कमरे में एक परिवार रहता था. पुलिस टीम ने उन्हें बाहर निकाला और गंभीरता को भांपते हुए अन्य लोगों को भी इमारत से बाहर निकाला।

तीन घंटे से अधिक समय तक समझाने और तमाम कोशिशों के बाद पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसने का फैसलाकिया। एक स्थानीय निवासी आरिश ने हथौड़े का इंतजाम किया और दरवाजा टूटने ही वाला था कि आरोपी ने अंदर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। कोई रास्ता नहीं मिलने पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान कॉन्स्टेबल सचिन खोकर और कॉन्स्टेबल कलिक तोमर को गोली लगी। टीम के अन्य सदस्यों ने उन्हें वापस खींच लिया और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसके परिणामस्वरूप दो अपराधियों को गोली लगी। दोनों आरोपी व्यक्तियों और घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों आरोपियों को मृत घोषित कर दिया गया।

उत्तरी पूर्वी दिल्ली के डीसीपी संजय सेन के मुताबिक- आधी रात 11-12 अगस्त की रात एसएचओ खजूरी खास को एसएचओ बेगमपुर के माध्यम से श्री राम कॉलोनी, खजूरी खास के इलाके में भारी हथियारों और गोला-बारूद के साथ वांछित अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. तुरंत उन्होंने एक टीम गठित की और श्री राम कॉलोनी पहुंचे। इमारत में 15 परिवार रहते थे जिनको इन बदमाशों की चुंगल से सुरक्षित निकलना जरूरी था।
पुलिस ने बड़ी मुश्किल से घर खाली कराकर पहले सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ अपनी आक्रमक कारवाही शुरू की जो तकरीबन 3 घंटे तक चली। पुलिस के दो जवानों को इन बदमाशों की गोली लगी और जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को पुलिस की गोली का शिकार होना पड़ा। इनके बैग से तकरीबन 60 राउंड और 1.5 लाख रूपये कैश मिले हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है यह पहले कहीं अपराध करके आकर यहाँ पुलिस से बचने के लिए इस इमारत में शरण लिए हुए थे। आमिर खान के ऊपर 7 और राज मान के ऊपर पहले भी 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

डीसीपी रोहिणी प्रणव तायल के मुताबिक- इसी बीच रोहिणी जिले के बेगमपुर थाने की टीम भी पहुंच गई और उनके साथ हो गई। इसके बाद पुलिस टीम उस घर में पहुंची जहां जहां दो संदिग्ध व्यक्ति छिपे हुए थे। मकान के मालिक ने इमारत की दूसरी मंजिल के एक कमरे में दो व्यक्तियों के होने की पुष्टि की. चूंकि आरोपी व्यक्तियों के पास भारी हथियार और विस्फोटक होने का संदेह था और श्री राम कॉलोनी का क्षेत्र घनी आबादी वाला है और अन्य किरायेदार भी इमारत में रह रहे थे, इसलिए हर संभव सावधानी बरती गई. इमारत में रह रहे सभी 15 परिवारों और बच्चो को सुरक्षित निकाला गया।


