

भारत की महिला टीम ने इंग्लैंड के सामने पहाड़ जैसा 333 रनों का स्कोर खड़ा कर डाला.
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने यादगार पारी खेलकर स्मृति मंधाना के वनडे में पांच शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
नई दिल्ली : इंग्लैंड : भारतीय महिला (Women Cricket Team) क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में 111 गेंदों पर ताबड़तोड़ शतक जड़ा है. जिसके चलते भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 88 रनों से पराजित किया. इंग्लैंड की टीम 42.5 ओवर्स में 245 रनों पर सिमट गई. हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kour) ने केंटबरी के सेंट लोरेंस ग्राउंड में अपने वनडे करियर का पांचवां शतक जड़ा और टीम इंडिया को वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की. हरमनप्रीत ने अपनी इस नाबाद पारी के दौरान मंधाना के एक रिकॉर्ड की भी बराबरी की.
स्मृति मंधाना के रिकॉर्ड की बराबरी की
हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 111 गेंदों पर नाबाद 143 रनों की पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने 18 चौके और 4 छक्के भी लगाए. हरमनप्रीत कौर ने वनडे में अपने पांचवें शतक के साथ ही स्मृति मंधाना (Samrti Mandhana)के वनडे में पांच शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. यह दोनों बल्लेबाज अब महिला वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं. वहीं भारतीय महिला टीम के लिए वनडे में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम है, जिन्होंने सात शतक लगाए हैं.




