
नई दिल्ली: सदर बाजार पुलिस ने अपराध नियंत्रण की अपनी मुहिम के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन और एक अवैध स्प्रिंग चाकू बरामद किया गया है। ये मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश के लखनऊ से 20 नवंबर 2024 की रात को चोरी किए गए थे।
गिरफ्तारी का विवरण :
22 नवंबर 2024 को दोपहर करीब 3:30 बजे, सदर बाजार पुलिस की टीम कुतुब रोड और आसपास के इलाकों में गश्त कर रही थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि टांगा स्टैंड पार्किंग क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान और अवैध चाकू के साथ घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध को धर दबोचा।
संदिग्ध की तलाशी में चार मोबाइल फोन और एक स्प्रिंग चाकू बरामद हुआ। आरोपी मोहम्मद इमरान (23) जामिया नगर, दिल्ली का निवासी है।
चोरी की घटना का खुलासा :
जांच के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने ये मोबाइल फोन लखनऊ के न्यू हैदरगंज इलाके से चोरी किए थे। आरोपी ने बताया कि वह 18 नवंबर को लखनऊ गया था और 20 नवंबर की रात शादी की तैयारियों वाले एक घर में घुस गया और में सोते हुए लोगों के मोबाइल फोन चुराए। चोरी के बाद वह 22 नवंबर को ट्रेन से दिल्ली लौट आया।
आरोपी ने यह भी बताया कि “जब दिल्ली में पुलिस की सख्ती देखी तो वह लखनऊ पहुंच गया और शादी समारोह में शामिल होकर शादी वाले घर वारदात को अंजाम देता था । वह चाकू अपने बचाव और भागने के लिए रखता था”।
कानूनी कार्रवाई :
सदर बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस के तहत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में चोरी की शिकायत दर्ज है। ई-एफआईआर के विवरण और बरामद सामान से तथ्य मेल खाते पाए गए।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य :
इस अभियान में एसआई संदीप यादव के नेतृत्व में एएसआई चतर सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक मान, हेड कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल विमल ने अहम भूमिका निभाई। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह और एसीपी शंकर बनर्जी के निर्देशन में पुलिस टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
सदर बाजार पुलिस का यह कदम अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


