नई दिल्ली : इस सृष्टि में अनेकों जीव हैं को सभी एक दूसरे पर आश्रित हैं । कुदरत ने मनुष्य और पक्षी, पशुओं, कीट पतंगों, सरीसर्प आदि का इस धरती पर सृजन किया है । इस सृजन के साथ उनके जीवन की व्यवस्था को एक दूसरे पर निर्भर किया है ।
पूर्वी दिल्ली के पटपड़ गंज थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के जवान ने एक बेमिसाल कार्य करके दिल्ली पुलिस द्वारा दिए ‘सेवा’ के स्लोगन को सार्थक किया है । यह सेवा भी उसने बेजुबान पशु की जो अपनी पीड़ा को बताने में असमर्थ था ।
पटपड़ गंज थाने में तैनात संदीप, हवलदार के पद पर तैनात है । इलाके में एक गाय सड़क पर पड़ी प्रसव की पीड़ा से तड़प रही थी । ड्यूटी के दौरान संदीप ने जब गाय को कराहते देखा तो वह समझ गया कि यह प्रसव पीड़ा है । स्थिति ऐसी थी की गाय को यदि पशु अस्पताल ले जाया जाता तो उसमें काफी वक्त लग जाता और गाय की जान को खतरा बन जाता ।
संदीप क्योंकि एक ग्रामीण पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखते हैं इसलिए उन्हें गाय, भैंस के प्रसव का अनुभव था । उन्होंने तुरंत हाथों में दस्ताने पहन गाय के प्रसव में अन्य लोगों की मदद से जुट गए और गाय का सफलता पूर्वक प्रसव करवा दिया । इस प्रकार पुलिस के इस जवान की हिम्मत और प्रयास से एक गाय और उसके बछड़े को नया जीवन मिला है । पुलिस के इस जवान ने अतुलनीय कार्य करके पुलिस के प्रति पब्लिक की उस सोच को भी बदला है जो पुलिस के प्रति नकारात्मक भावना रखते हैं ।
इस कार्य से दिल्ली पुलिस के सम्मान में चार चांद लग गए हैं । देश भर में हवलदार संदीप की भूरी भूरी प्रशंसा की जा रही है ।



