
- राजधानी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके स्थित प्रिंस होटल का मामला।
- महज 6 महीने पहले हुई थी शादी, शादी के एक महीने बाद ही अलग रहने लगी थी पत्नी।
- आरोपी पति गंभीर हालत में लोक नायक अस्पताल में भर्ती, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के नॉर्थ जिले के लाहौरी गेट इलाके से एक सनसनीखेज और दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के प्रिंस होटल के एक कमरे में 28 वर्षीय महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। आरोपी पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए लोक नायक (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कर्ज लेकर की थी शादी, एक महीने बाद ही हो गए थे अलग :
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 28 वर्षीय शिवानी (मूल रूप से बिहार की रहने वाली) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति की पहचान प्रकाश सिंह (29 वर्ष) के रूप में हुई है जो राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी महज 6 महीने पहले ही हुई थी। प्रकाश ने कर्ज लेकर यह शादी की थी। लेकिन शादी के महज एक महीने बाद ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई, जिसके बाद शिवानी अपने पति को छोड़कर अलग रहने लगी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति प्रकाश को शिवानी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
एक दूसरे को मारने के इरादे से होटल में आए थे पति पत्नी :
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कल दोपहर करीब 3:30 बजे प्रकाश ने शिवानी को फोन किया और दोनों लाहौरी गेट स्थित प्रिंस होटल में पहुंचे। वे होटल के एक कमरे में ठहरे थे। शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि दोनों एक दूसरे को नुकसान पहुंचाने या मारने के इरादे से ही होटल में रुके थे। सूत्रों का दावा है कि प्रकाश अपने साथ एक चाकू लेकर आया था, जबकि शिवानी अपने साथ कोई अन्य केमिकल लेकर आई थी।
सुबह सवा पांच बजे चला पता :
यह खौफनाक खेल कल दोपहर करीब सवा तीन बजे शुरू हुआ था, लेकिन इस घटना की भनक होटल प्रशासन या पुलिस को अगले दिन सुबह सवा पांच बजे के आसपास लगी। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत खून से लथपथ शिवानी और गंभीर हालत में तड़प रहे प्रकाश को लोक नायक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी प्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज :
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। होटल के कमरों और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह साफ हो सके कि कमरे के अंदर असल में क्या हुआ था। पुलिस मृतका के परिजनों से भी संपर्क कर रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

