
नई दिल्ली : दिल्ली के व्यस्त बाजार चांदनी चौक के कटरा नील इलाके में आज दोपहर क़रीब 2:30 बजे एक सनसनीखेज़ वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। थाना लाहौरी गेट को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक लूट की घटना घटी है।
मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित व्यापारी विकास जैन (उम्र 40 वर्ष) मिले, जो वहां टेक्सटाइल का कारोबार करते हैं। उनका ऑफिस का शीशे का दरवाज़ा टूटा हुआ पाया गया।
विकास जैन के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे दो अज्ञात युवक उनके कार्यालय में घुसे और सीधे शीशे के दरवाजे पर गोली चला दी। गोली चलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। आरोपियों ने व्यापारी के ऑफिस से करीब ₹35 लाख रुपये लूटे और नीचे खड़े अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने चारों ओर नाकाबंदी कर दी है और कई टीमें गठित कर जांच तेज़ कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दिल्ली के दिल चांदनी चौक में इस तरह की दिनदहाड़े लूट की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
चांदनी चौक के व्यापारी वर्ग में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।


